Cp Sahu
सूरजपुर। जिले में पुलिस प्रशासन को और अधिक व्यवस्थित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूरजपुर द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को तीन अलग-अलग आदेश जारी कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है। इन आदेशों के तहत निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक तथा आरक्षक संवर्ग के कुल 73 अधिकारी-कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नई पदस्थापना पर कार्य करना होगा तथा प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर आमद-रवानगी की सूचना कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश क्रमांक 784 के तहत 11 निरीक्षक, उपनिरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है। इसमें निरीक्षक रंजीत प्रताप सिंह को शिकायत शाखा प्रभारी (पु.कार्य.), निरीक्षक रमेश पटेल को थाना प्रभारी रामानुजनगर, निरीक्षक नंदकिशोर गौतम को रीडर एवं एस.पी. (पु.कार्य.), निरीक्षक सत्यानारायण देवांगन को थाना प्रभारी रमकोला, निरीक्षक मिलन सिंह को थाना प्रभारी चांदनी, निरीक्षक डाल सिंह साहू को थाना प्रभारी जयनगर तथा निरीक्षक रूपेश कुंतल एक्का को साइबर सेल का प्रभारी बनाया गया है। वहीं जावेद मिर्जादाद को डीसीबी/डीसीआरबी/कंट्रोल रूम/साइबर सेल का प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षक अमित कुमार गुप्ता को बसदेई चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक हीरालाल साहू को थाना सूरजपुर तथा सहायक उपनिरीक्षक अरुण गुप्ता को करंजी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश क्रमांक 785 के तहत सात सहायक उपनिरीक्षकों की पदस्थापना बदली गई है। इसमें अमरेश सिंह को साइबर सेल सूरजपुर, वरुण तिवारी को थाना जयनगर, पारकल लकड़ा को थाना रामानुजनगर, बबिता यादव को थाना विश्रामपुर, राकेश यादव को थाना प्रतापपुर, हरिशंकर तिवारी को थाना चंदौरा तथा सुनील भारती को थाना भटगांव में पदस्थ किया गया है।
वहीं आदेश क्रमांक 786 के तहत आरक्षक संवर्ग के 55 कर्मचारियों को नई पदस्थापना दी गई है। जारी सूची में विभिन्न कर्मचारियों को रामानुजनगर, जयनगर, ओड़गी, सूरजपुर, बसदेई, प्रतापपुर, विश्रामपुर, भटगांव, लटोरी, करंजी, चंदौरा, रमकोला तथा यातायात शाखा सहित विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भेजा गया है। इनमें आरक्षक सुनील लकड़ा और हेरसाम कनेडिया को रामानुजनगर थाना, महेंद्र सिंह को ओड़गी थाना, नवीन सिंह को यातायात, आनंद सिंह को सूरजपुर थाना, ईश्वर सिंह एवं अंजना एक्का को बसदेई चौकी, ममता कंवर को सूरजपुर थाना, अर्जुन सिंह को सूरजपुर थाना, रामराम भगत को बसदेई चौकी तथा नरेंद्र सिंह को सूरजपुर थाना में पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी तीनों आदेशों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने तथा आमद-रवानगी की सूचना कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए हैं।

टिप्पणियाँ (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं – अपनी राय सबसे पहले साझा करें।