Cp Sahu
प्रेमनगर। नगर पंचायत प्रेमनगर के मंदिर के समीप स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान एवं ब्यूटी पार्लर में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के साथ सटे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकान और घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार दीपक सोनी जो सहकारिता विभाग में कैसियर के पद पर कार्यरत है। इनकी पत्नी रेशमी सोनी मंदिर के पास कॉस्मेटिक एवं ब्यूटी पार्लर की दुकान संचालित करती हैं। दुकान से लगा उनका आवास भी है। बताया जा रहा है कि सुबह घर में नियमित पूजा-पाठ के दौरान दीपक जलाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी दीपक से आग भड़की, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने के समय रेशमी सोनी और उनके बच्चे घर पर ही मौजूद थे। अचानक धुआं और लपटें उठती देख परिवार के लोग बाहर निकले और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और बोर के पानी सहित उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा कॉस्मेटिक सामान, फर्नीचर, घरेलू सामग्री और अन्य वस्तुएं देखते ही देखते जलने लगीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच राजस्थान विद्युत लिमिटेड का दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में सहयोग किया। बाद में जिला प्रशासन का दमकल वाहन भी पहुंचा, लेकिन तब तक आग लगभग बुझ चुकी थी।
अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।