सीपी साहू 

सूरजपुर। जिले में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) द्वारा जारी आदेश में कुल 12 सहायक उपनिरीक्षकों (ASI) का तबादला कर विभिन्न थानों और चौकियों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कार्यप्रणाली में कसावट लाने के उद्देश्य से जोड़ा जा रहा है।

जारी सूची के अनुसार, सलका उमेशवरपुर चौकी प्रभारी रहे संजय यादव को हटाकर थाना झिलमिली भेजा गया है, जबकि थाना विश्रामपुर में पदस्थ गुड्डू कुशवाहा को सलका उमेशवरपुर चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह संतोष सिंह को करंजी से हटाकर रेवटी चौकी की जिम्मेदारी दी गई है और विशाल मिश्रा को विश्रामपुर से करंजी चौकी प्रभारी बनाया गया है। सिप्रियन टोप्पो को रामानुजनगर से थाना प्रेमनगर तथा मानिक चंद को लटोरी चौकी से थाना भटगांव स्थानांतरित किया गया है।

रक्षित केंद्र सूरजपुर में पदस्थ अशोक साहू को थाना विश्रामपुर और विवेकानंद सिंह को थाना भटगांव में पदस्थापना दी गई है। वहीं रेवटी चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार सिंह को वापस रक्षित केंद्र बुला लिया गया है।

पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त होकर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।