सूरजपुर। जिले में आमजन की शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देशानुसार “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन किया जा रहा है। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जारी अर्द्धशासकीय पत्र के अनुपालन में कलेक्टर सूरजपुर ने 1 मई से 10 जून 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित करने के संशोधित आदेश जारी किए हैं। इस अभियान के तहत राजस्व प्रकरण, मनरेगा भुगतान, हितग्राहीमूलक योजनाएं, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, बिजली और हैंडपंप से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन के निराकरण की सूचना देना अनिवार्य रहेगा। स्वास्थ्य विभाग की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी, जहां आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड निर्माण, सामान्य स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

विकासखण्ड प्रेमनगर में यह आयोजन खण्ड चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में किया जाएगा। यहां 6 मई 2026 को स्कूल ग्राउंड कांटारोली में शिविर आयोजित होगा, जिसमें शिवनगर, जनार्दनपुर, तारा, कांटारोली और मेण्ड्रा सहित आसपास की पंचायतों के आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद 22 मई को स्कूल ग्राउंड बकालो में शिविर लगेगा, जिसमें महंगई, कालीपुर, दुर्गापुर और बकालो क्षेत्र की पंचायतें शामिल होंगी। वहीं 3 जून 2026 को स्कूल ग्राउंड कोटेया में अंतिम शिविर आयोजित होगा, जिसमें हरिहरपुर, रामेश्वरनगर, विंध्याचल और कोटेया सहित 16 ग्राम पंचायतों के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।

भैयाथान विकासखण्ड में तहसीलदार उमेश कुशवाहा को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। यहां 1 मई को स्टेडियम ग्राउंड खोपा, 14 मई को हाईस्कूल ग्राउंड बड़सरा, 5 जून को हाईस्कूल ग्राउंड चन्द्रमेढ़ा और 9 जून को हाईस्कूल ग्राउंड सुन्दरपुर में शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों के माध्यम से संबंधित सेक्टर की दर्जनों ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

रामानुजनगर विकासखण्ड में तहसीलदार मनहरन सिंह राठिया के नेतृत्व में 4 मई को उमापुर, 12 मई को बरबसपुर, 18 मई को उमेशपुर और 26 मई को सेन्दूरी में शिविर लगाए जाएंगे। इसी प्रकार ओड़गी विकासखण्ड में तहसीलदार श्रीमती चन्द्रशीला जायसवाल के निर्देशन में 8 मई को मोहरसोप, 21 मई को छतरंग, 25 मई को पकनी, 1 जून को टमकी और 10 जून को कुदरगढ़ में शिविर आयोजित होंगे, जहां ग्रामीण अपनी समस्याओं का मौके पर समाधान करा सकेंगे।

सूरजपुर विकासखण्ड में तहसीलदार सूर्यकांत साय को प्रभारी बनाया गया है। यहां 4 जून 2026 को माध्यमिक शाला पाठकपुर के पास तथा 8 जून को हाईस्कूल ग्राउंड डेडरी में शिविर लगाए जाएंगे। पाठकपुर सेक्टर की 17 और डेडरी सेक्टर की 24 ग्राम पंचायतों को इन शिविरों में शामिल किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिविरों के आयोजन से पूर्व सभी लंबित आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशानुसार आमजन को त्वरित सेवाएं मिल सकें। शिविरों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फोटोग्राफी अनिवार्य की गई है और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।