"तारा पुलिस चौकी के संरक्षण में अवैध गतिविधियों का आरोप, शासन को करोड़ों के राजस्व की हानि की आशंका।"
सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर स्थित ढाबों में अवैध डीजल चोरी, पेट्रोल की अवैध बिक्री और नशीले पदार्थों के कारोबार को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में सामाजिक संस्था हमर उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष एवं पत्रकार चंद्र प्रकाश साहू द्वारा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज और पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। शिकायत सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवनगर स्थित तारा पुलिस चौकी के अधीन ग्राम तारा में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संचालित कई ढाबों में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिल रही है। यह मार्ग बिलासपुर रायपुर और अंबिकापुर वाराणसी मार्ग को जोड़ने वाला प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है, जहां दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। इसी का लाभ उठाकर कुछ ढाबों में संगठित रूप से अवैध कारोबार संचालित किए जाने की बात सामने आई है।
शिकायत के अनुसार टैंकर चालकों से मिलीभगत कर प्रतिदिन सैकड़ों लीटर डीजल और पेट्रोल की चोरी की जा रही है। चोरी किए गए ईंधन में एथेनॉल अथवा अन्य मिलावटी पदार्थ मिलाकर खुलेआम बेचा जा रहा है। इससे वाहनों के इंजनों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है।
हमर उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश साहू ने बताया कि दिन के उजाले में ही खुलेआम डीजल और पेट्रोल की चोरी की जा रही है और उसी चोरी के ईंधन को दिनदहाड़े बेचा भी जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवैध कारोबार इतना संगठित रूप ले चुका है कि चोरी का डीजल और पेट्रोल कोरबा जिले से लेकर सूरजपुर और सरगुजा जिले तक ट्रकों, कारों और अन्य वाहनों में खपाया जा रहा है। हाईवे किनारे संचालित कुछ ढाबों और अस्थायी ठिकानों के माध्यम से यह ईंधन बेचा जा रहा है, जिससे शासन को भारी राजस्व हानि होने की आशंका है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ ढाबों में गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री भी किए जाने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इन अवैध गतिविधियों को तारा पुलिस चौकी के संरक्षण में संचालित किए जाने की बात कही जा रही है तथा कथित रूप से आर्थिक लेनदेन के कारण इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
हमर उत्थान सेवा समिति ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच किसी स्वतंत्र अधिकारी या विशेष टीम से कराई जाए। साथ ही संबंधित ढाबों में आकस्मिक छापेमारी कर अवैध ईंधन भंडारण, मिलावट और मादक पदार्थों की जांच की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के साथ यदि किसी स्तर पर पुलिस कर्मियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए।