सुरजपुर। जिला अंतर्गत प्रेमनगर विकासखंड के ग्रामीण अंचलों में सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्या लंबे समय से आम जनजीवन को प्रभावित कर रही है। इन्हीं जमीनी समस्याओं के समाधान की दिशा में 08 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत हरिहरपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम हरिहरपुर एवं रामेश्वरनगर के ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी एक मंच पर जुटे।

बैठक का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर के अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव के नेतृत्व में किया गया। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने खराब सड़कों के कारण आवागमन में आ रही कठिनाइयों, बरसात के मौसम में गांवों के संपर्क कटने और बिजली आपूर्ति की अनियमितता से उत्पन्न समस्याओं को विस्तार से रखा। ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने जमीनी स्थिति के अनुरूप समाधान निकालने पर सहमति जताई।

इस बैठक में हरिहरपुर के सरपंच ईश्वर सिंह, रामेश्वरनगर के सरपंच पति लालबहादुर दिलेश्वर सिंह, उपसरपंच सुभाष सिंह, पूर्व जनपद सदस्य पति राम, पूर्व जनपद सदस्य आशुतोष कुमार, विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता पंकज झा, वन विभाग के परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल सिंह, वन समिति अध्यक्ष घूरसाय राम सिंह सहित चैतपाल, मिलन सिंह, कृपा सिंह, वीरेंद्र कुमार, होश कुमार, ज्योत सिंह एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने, बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा वन विभाग से जुड़ी प्रक्रियाओं में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय से समस्याओं के समाधान हेतु ठोस रणनीति बनाने पर सहमति बनी।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस संयुक्त बैठक के बाद प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र कार्रवाई होगी और प्रेमनगर विकासखंड के इस क्षेत्र में सड़क एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का स्थायी समाधान निकल सकेगा, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।