प्रेमनगर। सुरजपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले विद्युत वितरण केंद्र प्रेमनगर के प्रांगण में छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती उत्सव का आयोजन 02 फरवरी 2026 को हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुरजपुर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नयन सिदार, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री फुलेश्वर सिदार, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती पुनिया राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुखमनीया जगते, ग्राम पंचायत भगवानपुर के सरपंच श्री घनश्याम सिदार, ग्राम पंचायत खजुरी के सरपंच श्री तेजू सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रेमनगर श्रीमती मिथिला बंजारा, पार्षद श्रीमती देवेंद्र श्याम, पूर्व पार्षद श्रीमती कंचन श्याम, श्री महेंद्र यादव एवं श्री अशकरण गुप्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों द्वारा उपस्थित सम्माननीय विद्युत उपभोक्ताओं को शासन की विभिन्न विद्युत योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें बीपीएल उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 30 यूनिट छूट, कृषक जीवन ज्योति योजना, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट छूट योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, प्रधानमंत्री सूर्योदय मुफ्त बिजली योजना तथा मोर बिजली एप के बारे में जानकारी शामिल रही।
रजत जयंती के अवसर पर बीपीएल, घरेलू एवं कृषि श्रेणी के उन उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले दो वर्षों से प्रत्येक माह बिना किसी विलंब के विद्युत बिल का भुगतान किया है। प्रत्येक योजना से पांच-पांच उपभोक्ताओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपसंभाग में पदस्थ सहायक अभियंता श्री आशीष लकड़ा, वितरण केंद्र प्रेमनगर के कनिष्ठ अभियंता श्री आशुतोष जायसवाल, कार्यालय सहायक श्री सतेंद्र कुमार, वरिष्ठ कर्मचारी श्री सीताराम लकड़ा, श्री प्रवीण कुमार नायर, श्रीराम सिंह पावले, श्री शंकर प्रधान, श्री रघुवंश सहित प्रेमनगर के अन्य कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से रजत जयंती उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।