प्रेमनगर। विकासखंड प्रेमनगर में शासकीय स्कूलों में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को लेकर उत्पन्न समस्याओं के संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं मुख्यकार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत प्रेमनगर को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि विकासखंड प्रेमनगर के शासकीय स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन प्रदान किया जाता है, लेकिन रसोइयों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण पिछले एक माह से यह व्यवस्था प्रभावित है। कई स्कूलों में बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा भोजन बनाया जा रहा है, जिससे शिक्षण कार्य बाधित हो रहा है। आगामी माह में होने वाली परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह स्थिति विद्यार्थियों के हित में नहीं है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि सभी शासकीय स्कूलों में शीघ्र वैकल्पिक रसोइयों की नियुक्ति की जाए, ताकि मध्यान्ह भोजन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि पांच दिवस के भीतर वैकल्पिक भोजन बनाने वाले रसोइयों की व्यवस्था नहीं की गई, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रोहित कनौजे सहित चंद्रशेखर दुबे, राहुल सुनहरे, नवल सिंह एवं उजीत सिंह उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।