सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उमेश्वरपुर में आज दिनांक 26 दिसंबर 2025 को सुशासन त्यौहार के तहत जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाना और मौके पर ही समस्याओं का समाधान करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन की सार्थकता स्पष्ट हुई।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग प्रेमनगर द्वारा विशेष स्टॉल लगाकर जनसामान्य का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही आयुष्मान वय वंदन कार्ड का पंजीयन कर पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही कार्ड का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को गांव तक पहुंचाने की इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल रहा।

आयोजन में माननीय विधायक भूलन सिंह मरावी, कलेक्टर एस. जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए।

ग्रामीणों ने सुशासन त्यौहार के तहत आयोजित इस जन समस्या निवारण शिविर की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, कार्ड पंजीयन और वितरण जैसी सुविधाएं मिलना अत्यंत लाभकारी है। प्रशासन की इस पहल को गांव-गांव तक शासन की योजनाओं की प्रभावी पहुंच का सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।